तथाकथित दलित नेता और भीम आर्मी भारत एकता मिशन के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर प्राथमिक शिक्षक भर्ती में घोटाले का आरोप लगाया है। चंद्रशेखर आजाद ने कू ऐप (Koo App) के जरिए राज्य सरकार को घेरा है। 

चंद्रशेखर ने कू करते हुए लिखा कि, ‘उत्तर प्रदेश 69 हजार प्राथमिक शिक्षक भर्ती में आरक्षण के साथ हुई धांधली करके योगी सरकार छात्रों के भविष्य को रौंद रही है। हम इसका पुरजोर विरोध करते हैं। हम आगामी विधानसभा चुनाव में बेरोजगारी और आरक्षण के साथ धांधली को अहम मुद्दा बनाएंगे।’

चंद्रशेखर ने कू ऐप पर लिखा, ”उत्तर प्रदेश सरकार घोटालेबाजों की सरकार है। 69 हजार प्राथमिक शिक्षक भर्ती में SC,ST एवं OBC अभ्यर्थियों के आरक्षण के साथ हुए अन्याय के खिलाफ 55 छात्र राज्यपाल से इच्छामृत्यु की मांग किए हैं। अभ्यर्थियों से अनुरोध है कि आप ऐसा बिल्कुल न करें। भीम/आज़ाद समाज पार्टी आपके साथ है। इस संबंध में हम योगी सरकार के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ेंगे। जय भीम।”

आपको बता दें, चंद्रशेखर राज्य सरकार पर अक्सर निशाना साधते रहते हैं। फिर चाहे वो कोरोना काल के दौरान अस्पतालों की स्थिति, हो या फिर हाथरस कांड, चंद्रशेखर योगी सरकार पर वार करने से नहीं चूकते हैं। गौरतलब है कि राज्य में 2021 में विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। इस बार बाकी क्षेत्रीय दलों के साथ चंद्रशेखर की पार्टी भी मैदान में उतरेगी। वहीं फिलहाल राज्य में बीजेपी की सरकार है। बीजेपी को साल 2017 में 300 से ज्यादा सीटें मिली थी। 

इस बार उत्तर प्रदेश में मुकाबला काफी दिलचस्प होने वाला है। राज्य में समाजवादी पार्टी काफी एक्टिव नजर आ रही है। वहीं साल 2019 के लोकसभा चुनाव से ही कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पार्टी को मजबूत करने में जुटी हुई हैं। वहीं चंद्रशेखर की पार्टी की बात करें तो बिहार 2020 के चुनाव में उन्होंने पप्पू यादव की JAP से गठबंधन किया था लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल सकी थी। वहीं इस बार उनकी नजर यूपी चुनाव पर टिकी हुई है। चंद्रशेखर राज्य में अपने संगठन को मजबूत करने में जुटे हुए हैं। खैर 2021 में किसकी सरकार बनती है ये तो आने वाले समय में ही पता चल सकेगा।