देश मे एक बार फिर कोरोना विकराल रूप लेता जा रहा है। देश में भी हर दिन कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ती नजर आ रही हैं। देश के अलग अलग हिस्सों से मेडिकल से जुड़ी समस्याओं की खबरें भी सामने आ रही हैं और ऐसी ही परेशानी का सामना अभिनेता विनीत कुमार सिंह को करना पड़ा।आपको बता दे विनीत कुमार सिंह ने बॉलीबुड की फिल्मों में कई दमदार किरदार निभाए है।

एक्टर विनीत कुमार सिंह अभी बनारस में है और बीमार हैं, जिसकी जानकारी उन्होंने ट्वीट के जरिए फैन्स को दी। हालांकि, इसमें उन्होंने यह जानकारी नहीं दी है कि वह कोविड-19 की चपेट में आए हैं या कोई और समस्या है। अभिनेता विनीत ने ट्विटर पर लिखा, ‘मैं बनारस में हूं। बाजार में दवा (FabiFlu) नहीं मिल रही है। निजी लैब कोविड टेस्ट करने में पांच दिन से असमर्थ हैं। बीमार को क्या दूं? आपके वादे या आपके अपार भीड़ वाली रैली की वीडियोज? जो आप लोग लगातार पोस्ट कर रहे हैं? धिक्कार है। स्वार्थ अंधा बना देता है। जागें, आम आदमी दम तोड़ रहा है।’

विनीत के इस ट्वीट पर कई लोगों ने मदद की पेशकश की। वहीं कुछ देर बार विनीत ने एक और ट्वीट करते हुए इस बात की जानकारी दी कि उन तक मदद पहुंची है। विनीत ने ट्विटर पर लिखा, ‘जिन्हें संदेह है, उन्हें बताना चाहता हूं कि मेरे परिवार के सदस्य बीमारी हैं। कुछ मित्र बीमार हैं और मैं खुद बीमार हूं, दवा मिल गई है। मदद करने के लिए धन्यवाद पंकज त्रिपाठी भाई। मेरे किरदार को सुल्तान ने वासेपुर में गोली मारी थी, लेकिन असल जीवन में गोली (दवा) भिजवाई है।’

पंकज त्रिपाठी और विनीत अनुराग कश्यप निर्देशित गैंग्स ऑफ़ वासेपुर में साथ मे काम किये थे। विनीत ने दानिश नाम का किरदार निभाया था, जो फ़ैज़ल (नवाज़उद्दीन सिद्दीक़ी) का बड़ा भाई होता है। फ़िल्म में पंकज त्रिपाठी गैंगस्टर सुल्तान के किरदार में थे और वो गोली मारकर दानिश की हत्या करता है। विनीत की आख़िरी फ़िल्म आधार है, जो इसी साल रिलीज़ होने वाली थी। इससे पहले वो गुंजन सक्सेना- द कारगिल गर्ल में नज़र आये थे।