बिहार के पूर्वी चम्पारण जिले की एक विधानसभा सीट है गोविंदगंज, जहाँ से रवीश कुमार के भाई ब्रजेश पांडेय कॉन्ग्रेस पार्टी के टिकट पर मैदान में हैं। 2015 में ये सीट हारने के बाद वो एक बार फिर से चुनावी मैदान में कूदे। चुनाव आयोग की वेबसाइट पर आए अब तक के आँकड़ों के अनुसार, गोविंदगंज में रवीश कुमार के भाई ब्रजेश पांडेय दूसरे स्थान पर चल रहे हैं और भाजपा के सुनील मणि तिवारी पहले स्थान पर हैं।

अब तक के आँकड़ों के अनुसार, सुनील मणि तिवारी को 55881 वोट मिले हैं, वहीं दूसरे स्थान पर ब्रजेश पांडेय को अब तक मात्र 33385 वोट ही मिल सके हैं। वहीं, यहाँ से विधायक रहे राजू तिवारी 27685 मतों के साथ तीसरे स्थान पर चल रहे हैं। इस हिसाब से ब्रजेश पांडेय और राजू तिवारी के बीच मतों का फासला 20 हजार से ज्यादा है नहीं है और सुनील मणि तिवारी की जीत लगभग तय है। पिछली बार भी ब्रजेश दूसरे स्थान पर रहे थे।

2015 के चुनाव में 46765 (34.15%) मत पाने वाले ब्रजेश पांडेय को लोजपा के राजू तिवारी ने 74685 (54.54%) मत पाकर उन्हें 27920 (20.39%) मतों से हरा दिया था। पिछले चुनाव में जदयू, राजद और कॉन्ग्रेस एक साथ गठबंधन बना कर उतरी थी, जबकि इस बार जदयू और भाजपा साथ हैं। ब्रजेश पांडेय बिहार में कॉन्ग्रेस उपाध्यक्ष भी रहे हैं और पार्टी के विवादित चेहरों में से एक हैं, ऐसे में उन्हें टिकट दिए जाने पर भी सवाल खड़े हुए थे।

साल 2017 में जिस दौरान उन पर यौन शोषण का आरोप लगा उस वक्त वह कॉन्ग्रेस पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर थे। इस मामले के सामने आने के बाद उन्हें पार्टी के उपाध्यक्ष पद से इस्तीफ़ा भी देना पड़ा था। ब्रजेश पांडेय पर कॉन्ग्रेस पार्टी के नेता की नाबालिग दलित बेटी के साथ यौन शोषण और बलात्कार का मामला दर्ज किया गया था। इसके अलावा उन पर यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण करने सम्बंधी अधिनियम और अनुसूचित – अनुसूचित जनजाति अधिनियम के तहत पटना में मुकदमा दर्ज किया गया था।