हाथरस. उत्तर प्रदेश के हाथरस में कथित बलात्कार के मामले में विपक्ष योगी सरकार पर लगातार निशाना साध रही है। इसी बीच सोमवार को आप सांसद संजय सिंह और आप नेता राखी बिड़लान हाथरस में पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। यहां परिवार से मुलाकात के बाद आप सांसद संजय सिंह पर काली स्याही फेंकी गई। संजय सिंह उस वक्त मीडिया से बातचीत कर रहे थे।  

राज्यसभा सांसद संजय सिंह और विधायक राखी बिड़लान 5 लोगों के प्रतिनिधित्व मंडल के साथ पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि यह घटना पीड़ित के परिवार के गांव के बाहर हुई। जानकारी के मुताबिक, दोनों पर दीपक शर्मा नाम के युवक ने स्याही फेंकी है। वह हिंदूवादी संगठन से जुड़ा है। स्याही फेंकने वाले आरोपी दीपक शर्मा को हिरासत में लिया गया है।

https://twitter.com/AHindinews/status/1313061704574484480?s=19

संजय सिंह अपने प्रतिनिध मंडल के साथ हाथरस गए थे।उनके साथ विधायक राखी विडलान, दिल्ली के सामाजिक न्याय मंत्री राजेंद्र पाल गौतम भी हाथरस पहुंचे थे। इस दौरान पीड़िता के गांव में जमकर हंगामा देखने को मिला। संजय सिंह के प्रतिनिधमंडल को देख स्याही फेंकने वाला शख्स वापस जाओ-वापस जाओ के नारे लगाता दिखाई दिया।

बता दें कि इससे पहले आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह रविवार को भदोही में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने पहुंचे थे। यहां, उन्होंने मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती पर कई गंभीर आरोप लगाये। संजय सिंह ने हाथरस मामले में बसपा सुप्रीमो पर हमला बोलते हुए कहा कि मायावती और उनकी पार्टी इस मामले में भाजपा के मुखपत्र की तरह काम रही है।