Home > राष्ट्रीय > वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ का निधन, बेटी मल्लिका दुआ ने की पुष्टि, कल होगा अंतिम संस्कार

वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ का निधन, बेटी मल्लिका दुआ ने की पुष्टि, कल होगा अंतिम संस्कार

वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ का निधन हो गया है। 67 की उम्र में उन्होंने दिल्ली के अपोलो अस्पताल में आखिरी सांस ली है। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि दोपहर करीब साढ़े चार बजे उनका निधन हुआ। दूरदर्शन और एनडीटीवी जैसे समाचार चैनलों के लिए सेवाएं दे चुके दुआ हिंदी पत्रकारिता के जाने माने चेहरा रहे।

दुआ को लीवर में संक्रमण के कारण कुछ दिनों पहले परमानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिछले 5 दिनों से वह अपोलो अस्पताल के आईसीयू में भर्ती थे। दुआ अपने पीछे दो बेटियां छोड़ गए हैं। दुआ की पत्नी का इसी साल जून में कोरोना संक्रमण के कारण निधन हो गया था। दुआ भी कोरोना से लड़े थे और इसके बाद से उनका शरीर लगातार कमजोर होता गया। दुआ का अंतिम संस्कार रविवार दोपहर 12 बजे लोधी श्मशान गृह में किया जाएगा।

दुआ की बेटी अभिनेत्री मल्लिका ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ”वह (पिता विनोद दुआ) अब हमारी मां और उनकी प्यारी पत्नी चिन्ना के साथ स्वर्ग में है और वे साथ में गाना, खाना पकाना और यात्रा जारी रखेंगे।” विनोद दुआ की एक और बेटी बकुल दुआ हैं, जो मनोवैज्ञानिक हैं।

दूरदर्शन और एनडीटीवी जैसे समाचार चैनलों के लिए सेवाएं दे चुके विनोद दुआ हिंदी पत्रकारिता के जाने-माने चेहरे थे। दुआ की पत्नी पद्मावती ‘चिन्ना’ दुआ का कोविड-19 के खिलाफ लंबी लड़ाई लड़ने के बाद जून में निधन हो गया था।

विनोद दुआ और उनकी पत्नी डॉक्टर पद्मावती को इसी साल अप्रैल में कोरोना की दूसरी लहर में COVID-19 पॉजिटिव होने के बाद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद डॉक्टर पद्मावती का कोरोना के चलते निधन हो गया था। इसके बाद से विनोद दुआ की हालत में भी कोई खास सुधार नहीं आया। उन्हें कई बार हॉस्पिटल में भर्ती कराया जा चुका था।