महिंद्र एंड महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं, वे हर मुद्दे पर खुलकर अपने राय रखने के लिए जाने जाते हैं। इसके साथ वह सोशल मीडिया पर यूजर्स की ओर से पूछे जाने वाले सवालों का जवाब समय- समय पर देते रहते हैं। हाल ही में ऐसा ही एक सवाल टाटा को लेकर ट्विटर पर एक यूजर ने महिंद्र से पूछा।

यूजर ने आनंद महिंद्रा को ट्विटर पर टैग करते हुए पूछा था कि सर आप टाटा की कारों के बारे में क्या सोचते हैं। इस पर महिंद्रा ने यूजर को ऐसा जवाब देते हुए कहा कि “टाटा मोटर्स जैसे प्रतिस्पर्धी का होना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। वे अपने आपको नए सिरे से खोजते रहते हैं और यह हमें अच्छा करने की प्रेरणा देता है….. प्रतिस्पर्धा नवचार को बढ़ाता है।

महिंद्रा के इस जवाब के बाद लोग ट्विटर पर उनकी प्रशंसा करने से खुद को रोक नहीं पा रहे हैं। महिंद्रा के इस ट्वीट पर रोहित तंवर (@rohit_tanwar85) नाम के यूजर ने कमेंट करते हुआ लिखा कि हमें टाटा और महिंद्रा दोनों भारतीय ब्रांड पर गर्व हैं।

विलोक चंडक (@VilokSChandak) ने लिखा बहुत ही नेक और सच्ची सोच, केवल दो ब्रांड (टाटा और महिंद्रा) बहुत ही उचित मूल्य पर सर्वश्रेष्ठ कार प्रदान कर रहे हैं और वास्तव में विश्वसनीय ब्रांड है। ये भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में एक लंबा भविष्य रखते हैं और दोनों ब्रांडों के वर्तमान बिक्री आंकड़े इस बात को साबित करते हैं।

वहीं कपिल दहिया (@kaps_d7) ने लिखा कि आपके इस जवाब ने मुझे 10 साल पुराने उस पास को ध्यान दिला दिया, जब महिंद्रा ने कारों की बिक्री के मामले में पहली बार टाटा को पछाड़ा था। उस समय रतन टाटा ने महिंद्रा की सरहाना की थी। दहिया ने अपने इस कमेंट के साथ आनंद महिंद्रा के 10 साल पुराने ट्वीट की फोटो को भी शेयर किया। इस ट्वीट को महिंद्रा ने 11 अगस्त 2012 को किया था, जिसमें आनंद महिंद्रा ने लिखा था कि श्री टाटा का कमेंट असाधारण विनम्र और उदार है। यह हमें कठिन परिश्रम करने के लिए उत्साहित करता है।