MP के सेंधवा में भी रामनवमी जुलूस पर पत्थरबाजी हुई थी। इसी घटना का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक युवती छत से पत्थर बरसाते नजर आई थी। वीडियो फुटेज के आधार पर पुलिस ने मंगलवार को उस इलाके के तीन मकानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण गिरा दिए। इस बारे में एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने कहा कि जहां-जहां से पत्थर आएंगे उन घरों को जमीदोंज किया जाएगा

पुलिस के मुताबिक वीडियो में दिख रही युवती का नाम सबा है। जो मदनी चौक स्थित अपने घर से पत्थर फेंकते नजर आई थी। पुलिस ने इलाके के जिन तीन घरों पर कार्रवाई की, वो मकान नासिर, असगर और बाबर नाम के व्यक्तियों के बताए जा रहे हैं।

इस मामले में पुलिस ने अब तक कुल 11 लोगों पर FIR दर्ज की है, वहीं 25 से 30 लोगों को चिन्हित किया गया है। इनमें से 10 से 12 लोगों को राउंडअप भी किया गया है। एसपी ने कहा कि उपद्रवियों को लगातार चिन्हित किया जा रहा है। जैसे ही उनकी पूरी जानकारी मिल जाएगी, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दरअसल रविवार को रामनवमी जुलूस में स्थानीय लोगों का बड़गांव से आ रहे ग्रामीणों के साथ डीजे बजाने की बात को लेकर विवाद हुआ था। जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर पथराव हुआ। घटना में शहर थाना प्रभारी बलदेव सिंह मुजाल्दा सहित 5 से अधिक लोग घायल भी हुए थे। पुलिस ने रात में स्थिति को नियंत्रित कर लिया था। वहीं एसपी और कलेक्टर ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था।