पत्रकार रोहित सरदाना के निधन के बाद इनको लेकर कई तरह की अफवाहें फैलाई जा रही हैं। जिसमें इनके लाइफस्टाइल और संपत्ति को लेकर कई बड़े दावे किए जा रहे हैं। यूट्यब पर अपलोड की जा रही इन्हीं वीडियो पर अब रोहित सरदाना के परिवार की प्रतिक्रिया आई है। जिसमें इनके परिवार वालों ने इन सभी वीडियो में दी गई जानकारी को गलत बताया है।

रोहित सरदाना के निधन के बाद यूट्यब पर कई तरह की वीडियो अपलोड की जा रही हैं। जिसमें लोगों को बताया जा रहा है कि मरने के बाद रोहित सरदाना अपने परिवार वालों के लिए कितनी संपत्ति छोड़कर गए हैं। कई वीडियो में तो इनके लाइफस्टाइल को लेकर भी गलत जानकारी दी जा रही हैं। इन गलत जानकारी पर अब रोहित सरदाना के परिवार की ओर से प्रतिक्रिया आई है और ट्वीट कर परिवार के लोगों ने रोहित सरदाना के पास कितनी संपत्ति है। इसका खुलासा किया है।

रोहित सरदाना के ट्वीटर अकाउंट से हाल ही में एक ट्वीट करते हुए इनके परिवार ने कहा है कि डूंडाहेड़ा यानि क्रासिंग रिपब्लिक में 1450 Sq.Ft का EMI पर फ्लैट है। गाड़ियो के नाम पर EMI पर क्रेटा है। सम्पत्ति दो बेटियां और करोड़ों लोगों का अथाह प्यार। दयाभाव नहीं चाहिए पर ऐसे जानेवाले को बदनाम ना करें जिसने VIP कैटेगरी में जाकर वैक्सीन तक लगवाना गवारा ना किया।

दरअसल रोहित सरदाना के निधन के बाद ‘सेलेब्रिटी वर्ल्ड’ नामक वेरिफाइड यूट्यूब चैनल पर ‘Anjana Om Kashyap vs Rohit Sardana – दोनों में से कौन है ज्यादा अमीर?’ शीर्षक के साथ एक वीडियो अपलोड की गई थी। जिसमें कहा गया कि रोहित सरदाना को लक्जरी आइटम्स का शौक नहीं था। उन्होंने ‘मोटी कमाई’ की थी। इस वीडियो में रोहित सरदाना की संपत्ति की कीमत 14.54 करोड़ रुपए बताई गई थी। इसके अलावा ये भी दावा किया गया था कि रोहित सरदाना के पास काफी कार हैं। जिसमें ‘मारुती सुजुकी एस-क्रॉस’ और ‘BMW X3’ शामिल है।

कुछ पल सुकून के’ नामक यूट्यूब चैनल ने भी इनकी संपत्ति के बार में लोगों को गलत जानकारी दी। वीडियो में दावा किया गया कि रोहित सरदाना की संपत्ति 72.7 करोड़ रुपए है। इनके पास घर, कार, कई बाइक्स हैं। इन्हीं फेक वीडियो से तंग आकार रोहित सरदाना के परिवार वालों ने ट्वीट कर इन वीडियो का खंडन किया है।

गौरतलब है कि ‘ताल ठोक के’ और ‘दंगल’ जैसे लोकप्रिय शो करने वाले रोहित सरदाना को कोरोना हो गया था। जिसके बाद कार्डियक अरेस्ट आने से इनका निधन हो गया था।