रविवार को आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में अरविंद केजरीवाल को तीसरी बार पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक चुना गया। फिर से अरविंद केजरीवाल को राष्ट्रीय संयोजक बनाए जाने पर आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता आशुतोष भड़क उठे और उन्होंने अरविंद केजरीवाल को जमकर निशाने पर लिया।

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में तीसरी बार केजरीवाल को राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया और 34 सदस्यीय नई कार्यकारिणी का चुनाव किया गया। अरविंद केजरीवाल के साथ ही पंकज गुप्ता और एन डी गुप्ता को सचिव और पार्टी कोषाध्यक्ष चुना गया है।

पूर्व आप नेता आशुतोष ने ट्वीट कर केजरीवाल पर निशाना साधा। आशुतोष ने ट्वीट करते हुए लिखा कि इस देश में लोकतंत्र होगा कैसे जब सारे दल एक नेता का जेबी संगठन बन जाते हैं। आम आदमी पार्टी को देश को दिशा दिखानी थी। लेकिन परंपरागत दलों जैसी ही निकली। क्या अरविंद केजरीवाल की जगह नया नेशनल कन्वीनर बनता तो उनकी ताक़त कम हो जायेगी या डर है कि दूसरा पार्टी पर कब्जा कर लेगा?

https://twitter.com/ashutosh83B/status/1436959861439287296?s=19

गौरतलब हो, इसी साल जनवरी के महीने में पार्टी के संविधान में संशोधन कर किसी भी व्यक्ति को दो बार से अधिक एक पद पर चुने जाने की व्यवस्था की गई थी। हालांकि पहले पार्टी के संविधान में किसी भी व्यक्ति को लगातार दो बार ही एक पद पर रहने की अनुमति थी। तीसरी बार राष्ट्रीय संयोजक चुने गए अरविंद केजरीवाल अगले पांच सालों तक इस पद पर बने रहेंगे। हालांकि पहले यह सीमा तीन साल की ही थी।

कोरोना महामारी के कारण आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की 10वीं बैठक ऑनलाइन आयोजित हुई। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमारी पार्टी जिस तरह से दिल्ली में सरकार चला रही है, उसे देखकर देश भर के लोगों को लगने लगा है कि ‘आप’ ही एकमात्र उम्मीद है। साथ ही उन्होंने कहा कि दिल्ली में महामारी के दौरान आप सरकार द्वारा किए गए कार्यों की चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है।

Source: Jansatta