सोमवार को आप सांसद संजय सिंह और आप नेता राखी बिड़लान हाथरस में पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। यहां परिवार से मुलाकात के बाद आप सांसद संजय सिंह पर काली स्याही फेंकी गई। इस घटना पर आम आदमी पार्टी के मुखिया और दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की है उन्होंने सीधे तौर पर इस हमले के इचे बीजेपी का हाथ बताया है।

अरविंद केजरीवाल ने अपने सोशल मीडिया पर इस हमले के आरोपी दीपक शर्मा का फोटो शेयर कर लिखा, “संजय जी UP सरकार के अन्याय और अत्याचार के ख़िलाफ़ आप निडर हो कर बोलते रहे हैं। उन्होंने आप पर 14 FIR की, दफ़्तर सील किया पर आपको गिरफ़्तार करने की हिम्मत नहीं कर पाए तो आज हमला करवा दिया। ये UP सरकार में बैठे लोगों की पराजय और बदहवासी दिखाता है। इसका मतलब आप सही रास्ते पर हैं!

खबरों के मुताबिक राज्यसभा सांसद संजय सिंह और विधायक राखी बिड़लान 5 लोगों के प्रतिनिधित्व मंडल के साथ पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि यह घटना पीड़ित के परिवार के गांव के बाहर हुई। जानकारी के मुताबिक, दोनों पर दीपक शर्मा नाम के युवक ने स्याही फेंकी है। वह हिंदूवादी संगठन से जुड़ा है। स्याही फेंकने वाले आरोपी दीपक शर्मा को हिरासत में लिया गया है।

https://twitter.com/AHindinews/status/1313061704574484480?s=20

बता दें कि इससे पहले आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह रविवार को भदोही में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने पहुंचे थे। यहां, उन्होंने मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती पर कई गंभीर आरोप लगाये। संजय सिंह ने हाथरस मामले में बसपा सुप्रीमो पर हमला बोलते हुए कहा कि मायावती और उनकी पार्टी इस मामले में भाजपा के मुखपत्र की तरह काम रही है।